सम्भावित बाढ़ क्षेत्र का जिलाधिकारी ने किया दौरा
1 min read
ब्यूरो रिपोर्ट नफीस अहमद खान
श्रावस्ती 21 जून 2020
सम्भावित बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांवो एवं राप्ती नदी के आस-पास बसे गावों में पानी न जाने हेतु बनाये गये तटबन्धों पर युद्धस्तर पर कार्य कराकर तत्काल निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करा दिया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलिता कदापि न बरती जाए और गतवर्ष में आई बाढ़ के अनुभव के आधार पर बचाव हेतु सभी मुकम्मल व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लिया जाए ताकि बाढ़ आने पर जन-धन हानि होने से लोगों को बचाया जा सके।
उक्त निर्देश विकासखण्ड हरिहरपुरानी के अन्तर्गत ग्राम भुडकुला, तहसील जमुनहा के मधवापुरघाट, लक्ष्मनपुर बैराज स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सुश्री यशु रूस्तगी ने सम्बन्धित विभाग के अधिशाषी अभियन्ताओं को दिया। उन्होने जोर देते हुए कहा कि बाढ़ से बचाव हेतु जो भी जिले में निर्माण कार्य चल रहे हैं। सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं का दायित्व बनता है कि वे उन्हे तत्काल गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूरा करें यदि गुणवत्ता में कोई कमी पाई गई तो निश्चित ही सम्बन्धित के विरूद्ध कठोर कार्यवायी सुनिश्चित होगी।
जिलाधिकारी ने वंहा पर उपस्थित ग्राम वासियों से उनका कुशल क्षेम भी जाना तथा उन्हे आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ से बचाव हेतु सभी तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी की जा रही है यंहा तक कि बाढ़ चैकियों का संचालन, जिला स्तर पर कन्ट्रोल रूम की व्यवस्था, राहत कार्यों हेतु नावों की व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, पशु चारे की व्यवस्था, नाव, मोटर बोट एवं बाढ़ से बचाव की व्यवस्था के लिए भी कार्यवाही की जा चुकी है। इसके अलावा लक्ष्मनपुर बैराज तथा राप्ती भाखला नदी के जलस्तर पर पैनी नजर रखने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने ग्राम वासियों से बाढ़ के सम्बन्ध में गत वर्ष के अनुभव के आधार पर उनसे जानकारी ली तथा उसी के मुताबिक बाढ़ से बचाव की तैयारी हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय, अपर जिलाधिकारी योगानन्द पाण्डेय, उप जिलाधिकारी भिनगा प्रवेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी जमुनहा आर0पी0 चैधरी, तहसीलदार भिनगा राजकुमार पाण्डेय, खण्ड विकास अधिकारी जमुनहा डा0 जीतेन्द्र नाथ दूबे, अधिशाषी अभियन्ता बाढ़ खण्ड विनोद उपस्थित रहे।
टॉप वन इंडिया न्यूज़ चैनल श्रावस्ती उत्तर प्रदेश